सुप्रीम कोर्ट का आदेश बेअसर : दिवाली पर जमकर आतिशबाजी, दिल्ली-एनसीआर में 999 पहुंचा एक्यूआई
नोएडा : दिवाली से दो दिन पहले देश की सर्वोच्च अदालत के दिल्ली एनसीआर समेत पूरे देश में पटाखों की बिक्री पर रोक के बावजूद रविवार की देर रात तक पटाखों की गूंज सुनाई देती रही। धरती से आसमान तक धमाके होते रहे। वातावरण में जहरीला धुआं घुलता रहा। दिवाली की रात हुई आतिशबाजी ने दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद घटे वायु प्रदूषण को एक बार फिर से बढ़ा दिया। दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण के चलते लोगों का दम घुटने लगा। दिवाली की रात हुई बेहिसाब आतिशबाजी के कारण वायु प्रदूषण अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। रविवार की शाम तक दिल्ली में AQI 218 दर्ज किया गया था, वहीं सोमवार की सुबह बढ़कर 999 तक पहुंच गया।
देखना भी हुआ मुश्किल
दिवाली के देर रात तक हुई बेहिसाब आतिशबाजी से AQI लेवल तो बढ़ा ही, साथ ही लोगों के लिए 100 मीटर तक साफ साफ देखना भी मुश्किल हो गया। सोमवार की सुबह इंडिया गेट के आसपास के वायु प्रदूषण के हालात बेहद खराब रही। दिल्ली के आनंद विहार, जहांगीरपुरी, आरके पुरम, ओखला, श्रीनिवासपुरी, वजीरपुर के साथ बवाना और रोहिणी में भी प्रदूषण के कारण हालात बेहद खराब हैं।
सरकार की पाबंदियां भी नाकाम
दिल्ली में प्रदूषण के चलते सरकार ने कई सारे नियम और पाबंदियां लगाई हुई हैं। बावजूद इसके दिल्ली का प्रदूषण स्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा था, लेकिन दो दिन पहले हुई बारिश ने अचानक प्रदूषण का स्तर घटा दिया था। जिसके चलते लोगों को सांस लेने के लिए स्वच्छ हवा नसीब हो सकी। किन्तु, दिवाली की शाम के बाद दिल्ली NCR के हालात एक बार फिर बिगड़ते हुए दिखाई दिए।
बेअसर दिखा आदेश
आपको बताते चलें कि दिल्ली NCR में बढ़े वायु प्रदूषण के कारण सुप्रीम कोर्ट ने इस बार दिल्ली एनसीआर समेत पूरे देश में पटाखों और अतिशबाजी की बिक्री और भंडारण के साथ साथ इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक लगाई थी, लेकिन दिवाली की रात आतिशबाजी के धुएं में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का मखौल भी उड़ता हुआ दिखाई दिया।।









