भाजपा ने राम मंदिर के लिए 30 साल तक संघर्ष किया, मोदी ने श्री राम लला को तंबू से बाहर निकाला: पुष्कर धामी

Lok Sabha Elections 2024: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज कांग्रेस और गांधी परिवार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि इस बात से पर्दा उठ चुका है कि कांग्रेस और गांधी परिवार श्री राम मंदिर के खिलाफ थे। बलाचौर में भाजपा उम्मीदवार डा. सुभाष शर्मा के लिए प्रचार करते हुए धामी ने कहा कि कांग्रेस ने खास वोट बैंक के लिए श्री राम मंदिर को हथियार के रूप में प्रयोग किया जबकि पीएम मोदी ने राम मंदिर बनाकर अपना वादा पूरा कर श्री राम लला को टैंट से मुक्ति दिलाई। उन्होंने कहा कि श्री राम मंदिर के लिए भाजपा ने 30 साल से भी अधिक संघर्ष किया और वर्करों ने अपनी छाती पर गोलियां खाईं।
आम आदमी पार्टी को झूठों की पार्टी करार देते हुए उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी ने मतदाताओं से अपील की कि 2022 जैसी गलती न दोहराएं। उन्होंने कहा कि मान सरकार ने चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा न करके सभी को धोखा दिया है। 18 वर्ष से अधिक उम्र की सभी महिलाओं को आज तक 1000 रुपये मासिक नहीं दिए गए हैं। इसके अलावा राज्य को अपराध मुक्त बनाने की बजाय हत्या, रंगदारी और अपहरण जैसे जघन्य अपराधों की घटनाओं में वृद्धि हुई है।
भाजपा उम्मीदवार डॉ. शर्मा ने श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र के लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि अगर वे यहां से निर्वाचित होते हैं तो इस संसदीय क्षेत्र में पडऩे वाले सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में न केवल अथाह विकास होगा बल्कि साथ ही जनता की समस्याओं का भी ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने रोपड़ में एक केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा की, जो एक अनुसंधान केंद्र और प्राचीन संगीत वाद्ययंत्रों, कलाकृतियों और पंजाबी साहित्य को पुनर्जीवित करने का काम करेगी।









