
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हम नॉन स्टॉप हरियाणा के लिए तीन गुणा रफ्तार से काम करेंगे। इस काम में विपक्ष का भी अहम योगदान रहेगा। विपक्ष से जनहित में जो भी सुझाव हमें मिलेंगेए हम उनका पूरा मान सम्मान करते हुए जनता की अपेक्षाएं, आशाएं व आकांक्षाओं को पूरा करने का हर संभव प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री जो सदन के नेता भी हैंए आज 15वीं हरियाणा विधानसभा सत्र के प्रथम दिन सदन द्वारा सर्वसम्मति से विधायक श्री हरविंदर कल्याण को हरियाणा विधानसभा का नया अध्यक्ष चुने जाने के बाद सदन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने हरविंदर कल्याण को अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा कि अपने विस्तृत अनुभव, अनूठी कार्यशैली और विनम्रता तथा विवेक जैसे अद्भुत व्यक्तित्व के अनेक गुणों से श्री हरविंदर कल्याण अध्यक्ष पद की गरिमा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि श्री हरविंदर कल्याण इस महान सदन में लगातार तीसरी बार चुनकर आए हैं। उनके पास राजनीतिक और सामाजिक जीवन का लंबा अनुभव है। गत 10 वर्षों में अनेक संसदीय समितियों में उन्होंने विधायी कामकाज को पूरी निष्ठा से किया है। गर्व की बात है कि वर्ष 2019 से 2023 की अवधि में वे लोक लेखा समिति के अध्यक्ष रहे। इसके अतिरिक्त उन्होंने अनुमान समिति और सार्वजनिक उपक्रम समिति के अध्यक्ष पद को भी सुशोभित किया है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी कार्यकुशलता और निष्पक्ष प्रवृत्ति से नव निर्वाचित अध्यक्ष इस सदन की कार्यवाही का संचालन प्रभावी रूप से करेंगे। इससे लोकतंत्र परंपराएं और सुदृढ़ होंगी।