
जालंधर-थाईलैंड में हुए मिस ग्रैंड इंटरनेशनल टाइटल पेजेंट में भारत ने इतिहास रच दिया है। पंजाब के जालंधर से आने वाली रेचल गुप्ता ने पहली बार देश को इस प्रतियोगिता में ताज जितवाया है। इतना ही नहीं वह इस पेजेंट को जीतने वाली तीसरी एशियन महिला बनी हैं और ये भी अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। पेजेंट में रेचल को शुरुआत से ही उनके लुक्स से लेकर कॉन्फिडेंस से भरी रैंप प्रेजेंस के लिए काफी ज्यादा सराहा जा रहा था। उनकी तस्वीरों से लेकर वीडियोज सोशल मीडिया पर भी काफी अप्रिशिएट किए जा रहे थे, लेकिन विजेता तय करने का फैसला पूरी तरह से जजेज के हाथों में था और उन्होंने तमाम प्रतिभागियों में से रेचल को साल 2024 की मिस ग्रैंड इंटरनेशनल टाइटल के लिए बेस्ट चॉइस के रूप में चुना। खास बात ये है कि विनर की घोषणा से पहले ही पूरे हॉल में विनर के रूप में इंडिया-इंडिया की आवाज गूंजने लगी थी। जो अपने आप में दिखाने के लिए काफी था कि रेचल ने किस तरह से सभी के दिलों में जगह बनाई।
एमजीआई हॉल बैंगकॉक में हुए इवेंट के फिनाले में टॉप पांच में जगह बनाने वालों से रेचल को कड़ी टक्कर मिली थी। अन्य चार फाइनलिस्ट की बात करें, तो इनमें फस्र्ट रनर अप फिलीपींस की क्रिस्टीन जूलियाना ओपिआजा, सेकंड रनर अप म्यांमार की थाए सु न्येन, थर्ड रनर अप फ्रांस की सफीतो कबेंजेले और फोर्थ रनर अप ब्राजील की तलिता हर्टमन रहीं। रेचल ने विनर का ताज पहनने से पहले पेजेंट के दौरान हुई सुपर टैलेंट ऑफ द वल्र्ड में भी जीत अपने नाम की थी। उन्होंने इस प्रतियोगिता में 60 सुंदरियों को पीछे छोड़ा था। उनके साथ पोलैंड की वेरोनिका नोवाक को भी इसमें विनर बनाया गया था। बता दें कि साल 1970 में जीनत अमान ने भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था और सुपर टैलेंट ऑफ द वल्र्ड की विनर बनी थीं।
मां गंगा बन जीता था दिल
पेजेंट के दौरान हुए कॉस्ट्यूम राउंड में रेचल ने मां गंगा का रूप लिया था। उनकी स्टनिंग कॉस्ट्यूम तान्या कोटनाला ने डिजाइन किया था। वहीं इसे फाइनल रूप आरताकराच डिजाइन्स ने दिया था। क्राउन से लेकर हॉलो और वेव्स का इफेक्ट क्रिएट करने वाले साइड फ्लैग्स मिलकर रेचल को ऐसा लुक दे गए थे, कि इसकी चर्चा और तारीफ दुनियाभर में की गई।









