आज समाचारहरियाणा

युवाओं को नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ

हरियाणा के युवाओं ने देश-विदेश में अपनी प्रतिभा एवं कौशल की धाक जमाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी युवा शक्ति की अकसर सराहना करते हैं। स्वस्थ शरीर मनुष्य जीवन की उत्तम कुंजी है। कहा भी गया है कि पहला सुख निरोगी काया। स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज का निर्माण करते हैं और स्वस्थ समाज देश-प्रदेश के विकास व उत्थान की पहली सीढ़ी है। हम चाहते हैं कि जनसाधारण में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता आए, जीवनशैली व्यवस्थित हो, समाज का ताना-बाना मजबूत हो और भाईचारे की कडिय़ां सुदृढ़ हों। ये उदगार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को ऐतिहासिक नगरी पानीपत के सेक्टर 13-17 के ग्राउंड में आयोजित की गई मैराथन को हरी झंडी दिखाने से पहले अपने संबोधन में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इस मैराथन का उद्देश्य सबको फिटनेस के प्रति जागरूक करना और साथ ही नागरिकों में प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विजेताओं को सम्मानित किया और उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 किलोमीटर, दस किलोमीटर और पांच किलोमीटर की मैराथन के सभी विजेताओं के साथ ही इनमें भाग लेने वाले हर नागरिक को बधाई देता हूं। ऐसे आयोजनों में भाग लेना पूरे समाज को एक शुभ संदेश देता है और इससे सब नागरिकों, विशेषकर बच्चों व युवाओं को प्रेरणा मिलती है। प्रधानमंत्री के फिट इंडिया मिशन को आगे बढ़ाने के लिए हमने हरियाणा में मैराथन, खेल, योग और राहगिरी को निरंतर बढ़ावा दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन और सभी संस्थाओं का इस सफल आयोजन के लिए आभार प्रकट किया। मुख्यमंत्री मैराथन के धावकों के साथ खुली गाड़ी में दूर तक गए

संस्थाओं द्वारा लगाए गए व विभिन्न स्टालों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इस सफल आयोजन पर बधाई देते हुए कहा कि मुझे विश्वास है कि यह कार्यक्रम अपने उद्देश्य में निश्चित रूप से सफल रहेगा। मैराथन में पहुंचे युवाओं ने खूब धूम मचाई व अपने उत्साह व जोश का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैराथन में स्कूल-कालेजों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा खिलाडिय़ों के अलावा पुलिस के जवानों ने भी भाग लिया। मैराथन में भाग लेने वाले बुजुर्गों में भी जोश देखने को मिला। 60 साल की आयु पार कर चुके वरिष्ठ नागरिकों ने भी खूब दौड़ लगाई। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति नागरिकों की जागरूकता की भावना की सराहना करते हुए कहा कि यह बहुत ही हर्ष का विषय है, आज पूरे पानीपत ने दौड़ लगाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button