टीचर डेपुटेशन पर सीएम सुक्खू के निर्देश से राहत

हिमाचल में शिक्षकों के डेपुटेशन को लेकर मुख्यमंत्री ने बीबीएमबी के स्कूलों में तैनात शिक्षकों को राहत दी है। शिक्षा विभाग ने हिमाचल में विभाग से बाहर और हिमाचल से बाहर डेपुटेशन पर गए टीचर्स की लिस्ट बनाने और इन्हें वापस लाने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे। यह बात मुख्यमंत्री के ध्यान में आई और सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस डेपुटेशन को फिलहाल न डिस्टर्ब करने के निर्देश दिया हैं। दूसरी तरफ, शिक्षा विभाग में पंजाबी और उर्दू टीचर के साथ अब लैंग्वेज टीचर भर्ती करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। शिक्षा मंत्री ने पंजाबी और उर्दू टीचर की फाइल वित्त विभाग को भेजने के निर्देश दिए थे और इसके बाद एलटी शिक्षकों के पद भरने के लिए प्रारंभिक शिक्षा निदेशक से प्रस्ताव आ गया है। करीब 150 पद इस प्रक्रिया के जरिए भरे जाएंगे। इससे पहले कंप्यूटर टीचर्स के 985 पदों को भरने का मामला लोक सेवा आयोग को जा चुका है। हालांकि अभी पदों को विज्ञापित नहीं किया गया है।
शिक्षा विभाग में सुप्रीम कोर्ट के ऑर्डर के बावजूद शिक्षा विभाग में डिप्टी डायरेक्टर की प्रमोशन अब होने वाली है। सचिवालय में 82 प्रिंसिपल का पैनल पहुंच गया है, जिनमें से करीब 30 डिप्टी डायरेक्टर बनाए जाएंगे। इस मामले में महाधिवक्ता ने भी अपनी राय दे दी है और हेड मास्टर कैडर के प्लेस किए गए लोगों को डिस्टर्ब किए बगैर यह प्रमोशन ऑर्डर होंगे। इसी सप्ताह ये आदेश निकाल सकते हैं। इसके अलावा राज्य के स्कूलों को 550 नए प्रिंसिपल मिलने वाले हैं। उच्च शिक्षा विभाग से इनका सारा डाटा सचिवालय आ गया है और अब विजिलेंस क्लीयरेंस के लिए फाइल भेजी जा रही है। समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने विजिलेंस को मामला 10 दिन के अंदर भेजने के निर्देश दिए थे। हालांकि यह प्रमोशन भी प्लेसमेंट के जरिए होगी।








