चार लाख बच्चों का मॉक टेस्ट आज, निजी स्कूलों के छात्र भी होंगे शामिल

धर्मशाला-चार दिसंबर को होने जा रहे परख सर्वेक्षण-24 से पहले स्कूलों में बच्चों के लिए तीसरा मॉक टेस्ट मंगलवार को करवाया जा रहा है। मॉक टेस्ट में इस बार सरकारी स्कूलों के साथ निजी स्कूलों के बच्चे भी शामिल होंगे। मॉक टेस्ट के लिए समग्र शिक्षा ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। स्कूली बच्चों के सीखने की क्षमता जांचने के लिए चार दिसंबर को होने वाले परख सर्वे के लिए प्रदेश के स्कूलों में बड़े स्तर पर तैयारियां करवाई जा रही हैं। इसका आकलन करने के लिए समग्र शिक्षा 19 नवंबर को मॉक टेस्ट कराने जा रहा है। यह मॉक टेस्ट सुबह 10.30 बजे शुरू होगा, जो कि ओएमआर शीट पर करवाया जाएगा। टेस्ट में करीब 18 हजार स्कूलों के बच्चे शामिल होंगे। करीब चार लाख बच्चे टेस्ट देंगे। मॉक टेस्ट के माध्यम से तीसरी व छठी कक्षा के बच्चों का भाषा, गणित और द वल्र्ड अराउंड अस (ईवीएस) और 9वीं कक्षा के बच्चों का भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों का ज्ञान परखा जाएगा।
समग्र शिक्षा की ओर से इसके लिए ओएमआर शीट और अन्य सामग्री स्कूलों को उपलब्ध करवाई गई है। इससे पहले स्कूलों में दो मॉक टेस्ट कराए जा चुके हैं। पहला मॉक टेस्ट 10 सितंबर और दूसरा नौ अक्तूबर को करवाया गया था। इन दोनों टेस्ट की रिपोर्ट तैयार कर इनमें पाई गई कमियां दूर करने के लिए जरूरी निर्देश स्कूलों को जारी किए गए। वहीं परख सर्वे के लिए बच्चों की प्रैक्टिस करवाने के लिए प्रदेश के सभी स्कूलों में जीरो ऑवर (जीरो पीरियड) लगाए जा रहे हैं। समग्र शिक्षा की ओर से परख सर्वे में आने वाले संभावित प्रश्नों पर सामग्री तैयार कर इनको स्कूलों को उपलब्ध करवाया गया है, ताकि इनके मुताबिक बच्चों की प्रैक्टिस करवाई जा सके। समग्र शिक्षा के विद्या समीक्षा केंद्र के अभ्यास चैटबॉट पर भी स्कूलों को बच्चों की क्षमता संबंधी सवाल उपलब्ध करवाए गए हैं। दिसंबर माह में होने वाला परख सर्वेक्षण ओएमआर शीट पर होगा, इसलिए ओएमआर शीट बच्चों की प्रैक्टिस भी करवाई जा रही है।








