
पिंजौर
शिवालिक विकास मंच प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूर्व सचिव एडवोकेट विजय बंसल ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के करने कारण जनता के 422 करोड़ रुपए से अधिक राशि एचएमटी एप्पल मंडी के निर्माण पर बर्बाद कर दिए गए, लेकिन कालका के लोगों को इसका कोई लाभ नहीं मिला। मंडी में केवल दो महीने के लिए सेब के व्यापारी आए और चले गए, उसमें भी कालका के लोगों को पल्लेदारी तक का काम नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अरबों रुपए लगाने के बाद भी एचएमटी एप्पल मंडी अब लगभग सुनसान पड़ी है, यह सफेद हाथी बनकर रह गई है।
बंसल ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव से पूर्व घोषणा करते हुए कहा था कि एप्पल मंडी आरंभ होने के बाद कालका क्षेत्र के 10000 लोगों को रोजगार मिलेगा, लेकिन यहां पर किसी व्यक्ति को कोई रोजगार नहीं मिला, भाजपा का यह दावा भी झूठा निकला। एडवोकेट ने बताया कि मार्केटिंग बोर्ड से आरटीआई के तहत प्राप्त सूचना के अनुसार हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नवंबर 2018 में एचएमटी की खाली पड़ी जमीन पर एप्पल मंडी का निर्माण करने की घोषणा की थी, जिसके बाद हरियाणा राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास निगम ने एचएमटी की 78 एकड़ जमीन अधिग्रहण कर हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड को एप्पल मंडी निर्माण के लिए 250 रुपए करोड़ रुपए में दी। एडवोकेट विजय बंसल ने बताया कि मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार मार्केटिंग बोर्ड ने ऋण लेकर और अन्य स्रोतों से राशि लेकर पिंजौर में एप्पल मंडी का निर्माण आरंभ किया, जिसके तहत पहले चरण में मार्केटिंग बोर्ड ने 19.54 करोड़ रुपए की राशि मंडी निर्माण में खर्च की, जबकि दूसरे चरण में 152.72 करोड़ रुपए की राशि लगाई जा रही है और निर्माण कार्य अभी भी अधूरा पड़ा है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर दो नवंबर 2018 में कालका में एप्पल मंडी की आधारशिला रखने आए थे उसी समय एचएमटी बचाओ संघर्ष समिति संरक्षक एडवोकेट विजय बंसल के नेतृत्व में लोगों ने एचएमटी में एप्पल मंडी लगाने का विरोध करते हुए मुख्यमंत्री को काले झंडे भी दिखाए थे।








