चाबी बनाने के बहाने शातिरों ने लूटे गहने, आदर्श नगर में अंजाम दी वारदात,

डेराबस्सी-डेराबस्सी की आदर्श नगर गली 3 में घूम रहे चाभी बनाने वाले दो शातिर युवकों को एक मकान मालिक ने अलमारी की चाबी बनाने के लिए घर में बुलाया लेकिन युवक मौका देख अलमारी में रखे गहने समेट मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की तस्वीर कैद हो गई है। पीडि़त कुलबीर सिंह वासी आदर्श नगर गली नंबर-3 ने बताया कि उसके घर में गोदरेज की अलमारी है, जिसका लॉक खराब था। उसने बताया कि गली में दोपहर करीब 12 बजे दो युवक घूम रहे थे जो ताले की चाबी बनवाने के लिए आवाज लगाते जा रहे थे।
उन्होंने युवकों को घर में ले जाने पर उक्त अलमारी दिखाई। शातिरों ने कुलबीर को एक लोहे का सरिया दिया और गर्म करके लाने को कहा और इतनी देर में ही शातिर युवक अलमारी से सोने के गहने समेट वापस अलमारी को इस तरह से बंद कर दिया कि वो खुल न सके। इसके बाद युवकों ने मालिक को कहा कि इसका लिवर खराब है और आधे घंटे में बाजार से नया लाकर इसे लगा देंगे। काफी समय तक जब वे नहीं आए तो जब वे काफी देर तक नहीं लौटे तो उन्हें संदेह हुआ। उन्होंने अलमारी का ताला तोड़ा तो देखा कि अंदर रखे सोने के गहने गायब थे तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि अलमारी से सोने का हार, कड़े, चेन समेत करीब 3-4 लाख के गहने गायब थे। थाना प्रभारी मनदीप सिंह ने कहा कि शिकायत मिलने पर मौके का दौरा कर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है और जांच शुरू कर दी गई है।








