
चंडीगढ़-हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि समाज एवं राष्ट्र के नवनिर्माण के लिए शिक्षा का प्रचार एवं प्रसार बहुत जरूरी है। बच्चों को बेहतर शिक्षा और उच्च कोटि के संस्कार देकर ही उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाया जा सकता है। यह बात रणबीर गंगवा ने आज कुम्हार महासभा हिसार द्वारा कुम्हार छात्रावास में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान नागरिकों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कुम्हार छात्रावास के लिए ऐच्छिक कोटे से 21 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की भी घोषणा की। सम्मान समारोह के दौरान सर्व समाज की ओर से रणबीर गंगवा को सम्मान सूचक पगड़ी भेंट की गई। पगड़ी ग्रहण करते हुए कैबिनेट मंत्री ने समाज के लोगों को भरोसा दिलाया कि न तो वे इस पगड़ी पर आंच आने देंगे और न ही कोई दाग लगने देंगे। उन्होंने कहा कि छात्रावास के लिए जो भी जरूरी चीजें हैं, उस पर मंथन कर प्रोपोजल प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि आपको चंडीगढ तक भी जाने की जरूरत नहीं है, बल्कि रिपोर्ट बनाकर उनके पास भिजवाने का कार्य करें, आगे की कार्रवाई वे स्वयं करेंगे। कैबिनेट मंत्री ने समाज के लोगों का आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को शिक्षित करने के साथ-साथ संस्कारवान भी बनाए, ताकि सभ्य-समाज का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा की राजनीति में आरक्षण मिलने उपरांत उनके पास बहुत सारे व्यक्ति आए, जो पहली बार सरपंचए पंच, जिला पार्षद बने थे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार वंचित वर्गों को आत्म सम्मान देने वाली सरकार है। हमारा जो संकल्प पत्र हमने आप सबके बीच रखा था, उस पर कार्य करना शुरू कर दिया है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हम दो लाख युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची के नौकरी देने का कार्य करेंगे। वर्तमान सरकार ने अपने वादे को पूरा करते हुए 25 हजार युवाओं को नौकरी दी है।








