
होशियारपुर-विधायक बनते ही चब्बेवाल में शिक्षा के क्षेत्र में सुधार करने के लिए सरकार से ग्रांट जारी करवाई। ‘शिक्षा और स्वास्थ्य मेरी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर हैं। मेरी कोशिश है कि चब्बेवाल के हर स्कूल को ऐसा बनाया जाए, जहां विद्यार्थियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं और आधुनिक तरीकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।’ यह विचार हैं विधायक डा. इशांक कुमार के जो उन्होंने यह जानकारी देते हुए जाहिर किए कि बुधवार को चब्बेवाल विधान सभा क्षेत्र के स्कूलों के लिए दो करोड़ 24 लाख रूपए की ग्रांट जारी की गई है। इस 2.24 करोड़ की राशि का उपयोग स्कूलों में आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने, बाउंड्री वॉल बनाने, स्मार्ट क्लासरूम स्थापित करने, रिपेयर एंड मेंटिनेस करने के लिए किया जाएगा।
उक्त समय उन्होंने यह भी घोषणा की कि क्षेत्र के स्कूलों को रोल मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए वह भविष्य में भी उपयुक्त प्रयास करते रहेंगे और आवश्यक ग्रांट सरकार से लेकर आएंगे। डा. इशांक ने कहा कि रोजगारमुखी आधारित शिक्षा पद्धति को अपनाते हुए हमारे स्कूलों में विद्यार्थियों को तकनीकी विषय आधारित शिक्षा भी दी जा रही है, जिस से हमारे विद्यार्थियों को आगे चलकर स्वरोजगार और बेहतर रोजगर के मौके उपलब्ध होने में सहायता मिलेगी। उन्होंने आप सरकार द्वारा स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाने और ड्रॉपआउट दर को कम करने के लिए विशेष योजनाएं चलाई जाने कि प्रशंसा की और कहा कि यह भी आप सरकार का एक विशेष कदम है कि शिक्षकों को शिक्षा की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे बच्चों को बेहतर से बेहतर तरीके से पढ़ा सकें।









