पक्की नौकरी को तरसे सफाई कर्मचारी, मांगों को लेकर प्रदर्शन, भूख हड़ताल करने की दी चेतावनी

नारायणगढ़-नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा सर्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर सफाई कर्मियों ने कम्युनिटी हाल से पालिका दफ्तर तक अपनी मांगों को लेकर दूसरे दिन भी अपने लंच टाइम में प्रदर्शन किया। इकाई उपप्रधान सोम नाथ व सचिव धर्मवीर ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने सात अगस्त 2024 को संगठन के साथ बातचीत में कुछ मांगो को लागू करने का वायदा किया था, परंतु उन पर आज तक कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। सीटू जिला सचिव सतीश सेठी ने कहा कि नगरपालिका में 16 साल पहले 2008-2009 में 37 सफाई कर्मी ठेका पर लगाए गए थे। आंदोलन के चलते साल 2014 में इनको पालिका पे-रोल पर ले लिया गया था। उसके बाद सरकार ने कई बार इनको पक्का करने का वादा किया, परंतु आज तक इनकी नौकरी पक्की नहीं हुई।
इनमें से 4 कर्मचारियों का अब तक निधन हो चुका है। रेगुलर न होने की वजह से मृतको के आश्रितों को कोई लाभ नहीं मिल पाया। वर्तमान में नगरपालिका में केवल 33 सफाई कर्मचारी है जिन पर पूरे शहर के 15 वार्ड का साफ-सफाई का जिम्मा है। शहर की जनसंख्या व क्षेत्रफल पिछले दस सालों में बढ़ा है। इस आधार पर नियम मुताबिक 150 से ज्यादा सफाई कर्मी होने चाहिए, ताकि प्रतिदिन साफ सफाई हो सके। इसलिए सीटू मांग करता है कि सभी पे-रोल के कर्मियों को पक्का किया जाए तथा ठेकेदारी प्रथा खत्म कर डोर-टू-डोर स्कीम के 35 एवं नाईट स्वीपिंग के 28 सफाई कर्मियों को नगरपालिका में समायोजित किया जाए। इसके इलावा जनसंख्या व क्षेत्रफल मुताबिक नई नियमित भर्ती कर बरोजगारों को रोजगार दिया जाए। इससे शहरवासियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। यूनियन नेताओ ने कहा कि यदि जल्द सफाई कर्मियों को पक्का नहीं किया गया तो 23 व 24 दिसंबर को प्रदेश के सभी मंत्रियों के आवास पर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिए जाएंगे। यदि फिर भी समाधान नहीं हुआ तो पालिका कर्मचारी भुखहड़ताल पर बैठने को मजबूर होंगे।








