शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत के घर की रेकी

मुंबई महाराष्ट्र में शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत के घर की रेकी करते हुए दो संदिग्ध देखे गए हैं, जिसके बाद राउत के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
दरअसल संजय राउत के परिवार ने दावा किया है कि बाइक सवार दो लोगों ने उनके घर की रेकी की है। दोनों संदिग्ध सीसीटीवी फुटेज में भी कैद हुए हैं। फुटेज में दिख रहा है कि संदिग्धों ने हेलमेट और मास्क पहना हुआ है।
शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही शिवसेना यूबीटी नेता के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। वहीं संजय राउत ने एक और दावा किया है। राउत ने कहा है कि सामना ऑफिस और उनके दिल्ली वाले घर की भी शुक्रवार को रैकी की गई।
बीजेपी की जीत के बाद मराठियों पर बढ़े हमले
संजय राउत ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद मराठी बोलने वाले लोगों पर हमले बढ़े हैं। संजय राउत ने आरोप लगाया कि ऐसा माहौल बनाया जा रहा है कि उन्हें मुंबई और आसपास के इलाकों से बाहर निकाला जाए। संजय राउत ने ठाणे के कल्याण में गैर मराठी लोगों द्वारा मराठी परिवार पर कथित हमले की घटना के बाद यह बात कही।








