आज समाचार

किसानों को जल्द एमएसपी गारंटी दे सरकार, सांसद औजला ने अनशन पर बैठे किसानों का जाना हाल

सांसद गुरजीत सिंह औजल बुधवार को खनौरी बार्डर पर आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल से मुलाकात करने पहुंचे। डल्लेवाल पिछले तीस दिन से एमएसपी गारंटी कानून की मांग के लिए अनशन पर बैठे हैं। सांसद गुरजीत सिंह औजला ने वहां पहुंच कर उनका हाल जाना और कहा कि केंद्र को जल्द से जल्द किसानों की मांगों पर ध्यान देना चाहिए। सांसद गुरजीत सिंह औजला ने किसान नेता डल्लेवाल से मुलाकात कर कहा कि वह अरदास करते हैं कि परमात्मा केंद्र सरकार को समझ दे कि वह इस मुद्दे को गंभीरता से लें और डल्लेवाल जी का आमरण अनशन खत्म करवाएं। सांसद औजला ने कहा कि किसान अपने हकों के साथ-साथ पंजाब के भी हक की बात कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार कानों में रूईं डालकर बैठी है। ऐसी तश्द्दत का मतलब है कि बीजेपी सिर्फ अपने तानाशाह रवैए को ठीक समझ रही है और देश को अपना जागीर समझ रही है।

उन्होंने कहा कि डल्लेवाल पिछले तीस दिन से आमरण अनशन पर बैठे हैं। लगातार उनकी सेहत बिगड़ रही है लेकिन केंद्र के किसी भी मंत्री ने उनका हाल जानने की कोशिश नहीं की। कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर बात करने के लिए समय मांगा लेकिन नहीं मिला। अब फिर से वह केंद्र के समक्ष आवाज उठाने के लिए समय मांगेंगे। वह चाहते हैं कि डल्लेवाल जैसे नेता उनका हमेशा मार्गदर्शन करते रहें, लेकिन केंद्र सरकार चाहती है कि डल्लेवाल जैसा मजबूत स्तंभ गिर जाए। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द सरकार किसानों के मुद्दे को हल करे और उन्हें एमएसपी गारंटी कानून दे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button