आज समाचार

रोप-वे के विरोध में कटरा बंद, श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के कटरा शहर में श्रीमाता वैष्णो देवी संघर्ष समिति द्वारा रोपवे परियोजना के विरोध में आहुत 72 घंटे का बंद का गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। टट्टू मालिकों, दुकानदारों और अन्य व्यापारियों सहित सभी हितधारक श्री माता वैष्णो देवी तीर्थ के आधार शिविर कटरा में प्रस्तावित रोपवे परियोजना का विरोध कर रहे हैं। 72 घंटे के बंद के आह्वान के दूसरे दिन सुबह से ही कटरा कस्बे में कारोबार पूरी तरह से ठप रहा। उधर, कटरा बंद के बावजूद माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के उत्साह और संख्या में कमी नहीं आई है। बंद के दूसरे दिन भी हजारों श्रद्धालु देश भर से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंचे। गुरुवार को दर्शानी देवड़ी के पास माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार दिखी।

इससे पहले बुधवार को एक विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार विचार-विमर्श कर समाधान निकालने के बजाय मुद्दे को भटका रही है और उन्हें सडक़ों पर आने के लिए मजबूर कर रही है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने पिछले महीने वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों और अन्य लोगों के लिए मंदिर तक पहुंच की सुविधा के लिए रोपवे स्थापित करने की योजना की घोषणा की थी, जिन्हें गुफा मंदिर तक 13 किलोमीटर लंबे रास्ते पर चलना चुनौतीपूर्ण लगता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button