‘झुग्गी वालों को कीड़े-मकोड़े समझती है BJP, इन्हें जमीन और वोट से प्यार’

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि पिछले 10 साल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कई झुग्गियों को तोड़ा और तीन लाख से अधिक लोगों को बेघर किया। अरविंद केजरीवाल ने रविवार को यहां शकूरबस्ती के रेलवे झुग्गी कैंप का दौरा कर कहा कि जैसे-जैसे दिल्ली विधानसभा का चुनाव नजदीक आता जा रहा है, भाजपा की झुग्गीवालों के प्रति मोहब्बत बढ़ती जा रही है। भाजपा के नेता झुग्गियों में जाकर सो रहे हैं। इससे पहले पांच-दस साल नहीं सोए। पिछले महीने भर से भाजपा के नेता झुग्गियों में जाकर सो रहे हैं। इनको झुग्गीवालों से प्यार नहीं है। भाजपा तो अमीरों की पार्टी हैं। इनको झुग्गीवालों से क्या लेना-देना है। ये लोग तो झुग्गीवालों को कीड़े-मकोड़े समझते हैं। इनको चुनाव में झुग्गीवालों के वोट चाहिए और चुनाव के बाद झुग्गीवालों की जमीन चाहिए।
उन्होंने कहा, “शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के कई इलाकों से झुग्गीवालों को बुलाया था। वहां अमित शाह ने चुन-चुन कर मुझे गालियां दीं। अमित शाह देश के गृहमंत्री हैं और गृहमंत्री के पद की एक गरिमा होती है। एक गृहमंत्री जो शब्द इस्तेमाल करता है, उसकी मर्यादा रहनी चाहिए। हमें गृहमंत्री अमित शाह से कोई द्वेष नहीं है, वह जो कहना चाहें, कहें। मैं राजनीति में अपने मान-सम्मान के लिए नहीं आया। मैं राजनीति में जनता और देश के मान सम्मान के लिए आया हूं।”








