दुनिया के घटिया खानों में भारत की मिस्सी रोटी, टेस्ट एटलस की खराब रेटिंग वाली 100 डिशेज की सूची जारी

स्वाद और पोषण से भरपूर भारत के एक पारंपरिक फूड आइटम को दुनिया के घटिया खानों की लिस्ट में शामिल किया गया है, जिस भारतीय खाने को खराब माना जा रहा है, वह भारत के कई हिस्सों में काफी सारे लोगों को खूब भाता है। दरअसल, भारत की मिस्सी रोटी को दुनिया की सबसे खराब डिशेज में शामिल किया गया है। इस वजह से इंटरनेट पर एक बड़ा तबका नाराज भी है। मिस्सी रोटी, जिसे पोषण से भरपूर और सुपरफूड माना जाता है। इसे टेस्ट एटलस द्वारा जारी ‘दुनिया की सबसे खराब डिशेज’ की सूची में शामिल किया गया है। यह सूची जनवरी, 2025 में जारी हुई, जिसमें मिस्सी रोटी 100 सबसे खराब रेटिंग वाली डिशेज में 56वें स्थान पर रही। यह इस सूची में शामिल भारत की एकमात्र डिश है और इस पर भारत के लोग इंटरनेट जमकर गुस्सा निकाल रहा है। बता दें कि पंजाब की पारंपरिक मिस्सी रोटी बेसन, मसालों और सब्जियों से तैयार की जाती है। यह ग्लूटेन-फ्री होती है और उत्तर भारतीय खाने के साथ इसे बड़े चाव से खाया जाता है।
इसे पोषण से भरपूर और सेहतमंद माना जाता है। टेस्ट एटलस की इस सूची में मिस्सी रोटी को जेली ईल्स, फ्रॉग आई सलाद, डेविल्ड किडनीज, और ब्लड डम्पलिंग जैसे अजीबोगरीब डिशेज के साथ रखा गया। इस पर सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रियाएं आर्ईं। रेडिट पर एक पोस्ट में लिखा गया कि मिस्सी रोटी दुनिया की सबसे खराब डिशेज में शामिल की गई है। इसका हम विरोध करेंगे। एक अन्य यूजर ने लिखा कि लगता है उन्होंने भारत की कोई डिश सिर्फ इसलिए शामिल कर ली, ताकि यह साबित कर सकें कि हर भारतीय डिश मास्टरपीस नहीं है। अच्छा मजाक किया।