निगम दफ्तर के बाहर धरने पर बैठे ठेकेदार, बिलों का भुगतान न होने पर किया प्रदर्शन

चंडीगढ़ नगर निगम के तहत निर्माण कार्यों से जुड़े ठेकेदार आजकल त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रहे हैं। नगर निगम उनके करोड़ों के बिलों का भुगतान करने में असमर्थ है, जिस कारण ठेकेदार भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। इस मुद्दे पर आज निगम की हाउस मीटिंग के दौरान ठेकेदार यूनियन नगर निगम चंडीगढ़ के अध्यक्ष हरिशंकर मिश्रा की अगुआई में बड़ी संख्या में अपने ठेकेदार साथियों के साथ निगम दफ्तर के सामने शांति पूर्ण धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उधर, शहर के वरिष्ठ व्यापारी नेताओं हरीश गर्ग और संजीव चड्ढा ने भी इनके समर्थन का ऐलान कर दिया है। हरीश गर्ग कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स कैट के राष्ट्रीय सचिव हैं व संजीव चड्ढा चंडीगढ़ व्यापार मंडल के महासचिव हैं।
मिश्रा ने निगम अधिकारियों के खिलाफ भड़ास निकालते हुए कहा कि पिछले सात महीनों से ठेकेदारों के भुगतान लंबित हैं तथा सिक्योरिटी एवं परफॉर्मेंस गारंटी की धनराशि जारी करने में भी अनावश्यक देरी की जा रही है। सभी ठेकेदार अपनी जिम्मेदारी व निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं, फिर भी भुगतान नहीं किया जा रहा जिस कारण उन्हें गंभीर वित्तीय संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बकाया भुगतान जल्दी ना किया तो काम बंद कर दिया जाएगा और 21 फऱवरी को रोज़ फेस्टिवल के बाहर भी धरना-प्रदर्शन किया जाएगाए और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूरत में पूरी जिम्मेदारी निगम व प्रशासन के अधिकारियों की होगी। यूनियन के नेता राजीव पांडे ने कहा कि निगम के बाकी काम तो चलते रहते हैं, परंतु ठेकेदारों के भुगतान करने के समय निगम अधिकारी आर्थिक तंगी का हवाला देने लग जाते हैं। उन्होंने कहा कि हर समय निगम खाली कटोरा लेकर प्रशासन का मुंह देखता रहता है। इसलिए इसे भंग करके प्रशासन के हवाले कर दिया जाना ही उचित रहेगा।








