हमास ने चार इजरायली बंधकों के शव सौंपे, गाजा से मां के साथ आई नौ महीने के मासूम की लाश

चरमपंथी संगठन हमास ने गुरुवार को गाजा में अगवा करके रखे गए चार इजरायली बंधकों के शव सौंप दिए। रिपोर्ट के अनुसार, सात अक्तूबर, 2023 को इजरायल पर हमास के हमले के बाद से यह पहली बार है, जब हमास ने मृत बंधकों के शव वापस भेजे हैं। इन चार बंधकों में शिरी बिबास और उनके दो छोटे बेटों एरियल और कफीर के शव भी शामिल हैं। गुरुवार को गाजा का खान यूनुस में हमास के लड़ाकों ने चारों शवों को रेडक्रॉस के हवाले किया। रेडक्रॉस ने इन शवों को इजरायली सेना को सौंप दिया है। 16 महीने पहले सात अक्तूबर, 2023 को जब उन्हें अगवा किया गया था, उस समय शिरी 32 साल की थीं, जबकि एरिएल 4 साल और कफीर नौ महीने के थे।
कफीर हमास के हमले में बनाए गए सबसे छोटे बंदी थे। ये दोनों बच्चे सात अक्तूबर के आतंकी हमलों के बाद सबसे ज्यादा पहचाने वाले पीडि़त बन गए थे। बंधकों के शवों की पहली वापसी इजरायल के लिए बेहद भावनात्मक और गमगीन पल है। चौथा शव ओडेड लिफशिट्ज का बताया है। वह 83 साल के थे, जब उन्हें और उनकी पत्नी योचेवेड लिपशिट्ज को किबुत्ज नीर ओज से अगवा किया गया था।








