मध्य-पूर्व और यूरोप में चल रही जंग को लेकर बोले ट्रंप; कहा, मेरे पास इसे रोकने का प्लान

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शपथ लेने के बाद से ही लगातार मध्य-पूर्व और यूरोप में चल रहे युद्ध को खत्म करने को लेकर बयान दे रहे हैं। हाल ही में इन संघर्षों के बारे में बात करते हुए ट्रंप ने तीसरे विश्व युद्ध को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिस तरह के हालात चल रहे हैं, उससे लगता है कि तीसरा विश्व युद्ध ज्यादा दूर नहीं है, लेकिन मेरा अमरीका के राष्ट्रपति पद पर होना इसे रोकेगा। मेरे पास विश्व युद्ध को रोकने का प्लान है।
राष्ट्रपति ने कहा कि हम दुनियाभर में चल रहे युद्धों को समाप्त करने और दुनिया में शांति बहाल करने में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। हम नहीं चाहते कि अब और ज्यादा लोग युद्ध की वजह से मरें। अगर हम मध्य-पूर्व और यूक्रेन में हुई मौतों को देखें को आप समझ सकते हैं कि आप तीसरे विश्व युद्ध से ज्यादा दूर नहीं है। ट्रंप ने बाइडेन प्रशासन को निशाने पर लेते हुए कहा कि अगर एक साल और बाइडेन का राज होता, तो निश्चित तौर पर दुनिया तीसरे विश्व युद्ध को देख रही होती।









