हरियाणा में फिर लहराया भगवा, शहरी निकाय चुनाव में नौ नगर निगमों में BJP की जीत, कांग्रेस को झटका

हरियाणा नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रोहतक समेत 9 नगर निगमों पर जीत दर्ज की। यह नतीजे प्रदेश में भाजपा सरकार की विकासपरक नीतियों और संगठन की मजबूती को दर्शाते हैं। चंडीगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने इस ऐतिहासिक जीत पर खुशी जताते हुए सभी विजयी प्रत्याशियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताया है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी के कुशल नेतृत्व व विकासपरक नीतियों की जीत है। मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा में सुशासन, पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता दी हैए जिसका नतीजा इस चुनाव में देखने को मिला। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा जनता की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित है और यह विजय उसी का परिणाम है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार निरंतर जनता के हित में कार्य कर रही है और यही कारण है कि जनता ने भाजपा को भारी समर्थन दिया। यह चुनाव परिणाम हरियाणा में भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाते हैं और आने वाले चुनावों के लिए भी सकारात्मक संकेत हैं। पार्टी का संकल्प है कि प्रदेश को विकास के नए आयाम तक पहुंचाया जाएगा और हर वर्ग के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा किया जाएगा। वहीं, बुधवार को जारी परिणामों के अनुसार मानेसर, जहां निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे हैं, को छोडक़र नौ निगमों में भाजपा का मेयर बना है। कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले रोहतक में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। नतीजों के अनुसार गुरुग्राम से राज रानी, फरीदाबाद से प्रवीण जोशी, हिसार से प्रवीण पोपली, रोहतक से राम अवतार वाल्मीकि, करनाल से रेनू बाला, अंबाला से शैलजा सतबाला, यमुनानगर से सुमन, सोनीपत से राजीव जैन और पानीपत से कोणाल सैनी विजयी रहे हैं।