पत्नी ने प्रेमी संग पति के शव के किए 15 टुकड़े, ड्रम में डालकर भर दिया सीमेंट, और भाग गई शिमला

जिस शख्स के संग सात जन्मों की कस्में खाईं। हर सुख-दुख में साथ निभाने के वचन लिए। और फिर वही अपने पति के टुकड़े-टुकड़े कर दे, तो क्या सोचेंगे, क्या कहेंगे। ऐसी ही खौफनाक मौत दी है एक पत्नी ने। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश में मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए और उन्हें ड्रम में डालकर सीमेंट से भर दिया। इसके बाद दोनों मौज मस्ती करने शिमला चले आए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इंदिरानगर मास्टर कॉलोनी निवासी सौरभ कुमार (29) 24 फरवरी को लंदन से लौटा था, जबकि चार मार्च की रात उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी (26) ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला (28) के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले सौरभ को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। क्रूरता की सभी हदों को लांघते हुए महिला ने पति के शव को 15 टुकड़ों में बांट दिया और अवशेषों को प्लास्टिक के ड्रम में डालकर सीमेंट से सील कर दिया।





