आज समाचार

गुजराती पिता-बेटी की अमरीका में हत्या, आरोपी ने दोनों पर की फायरिंग, पुलिस ने किया काबू

अमरीका के वर्जीनिया में एक भारतीय मूल के पिता और बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक प्रदीप पटेल (56) और उनकी बेटी उर्वी (24) एक स्टोर में काम करते थे। गुरुवार सुबह प्रदीप और उर्वी ने स्टोर खोला ही था कि तभी एक अश्वेत शख्स ने दोनों पर गोलीबारी की और फरार हो गया। प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उर्वी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि वारदात वाले दिन आरोपी पूरी रात स्टोर के बाहर बैठा रहा था। सुबह स्टोर खुलते ही अंदर दाखिल हुआ और दोनों पर फायरिंग कर दी।

वारदात के दो घंटे बाद ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, हत्या के आरोपी जॉर्ज फ्रेजियर ने पूछताछ में बताया कि वह रात में शराब लेने आया था, लेकिन स्टोर बंद था। वह इसी बात से गुस्सा था कि स्टोर रात में क्यों नहीं खुला था। इसलिए वह रात भर स्टोर के बाहर बैठा रहा और सुबह दोनों को गोली मार दी।

अमरीका में भारतीय मां ने बेटे का गला रेता

वाशिंगटन। अमरीका में एक भारतीय मूल की महिला ने अपने 11 साल के बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना 19 मार्च की है। महिला का नाम सरिता रामाराजू (48) और बेटे का नाम यतिन रामाराजू है। महिला बेटे के साथ घूमने के लिए कैलिफोर्निया के सेंटा एना में डिज्नीलैंड गई थी। यहां तीन दिन बिताने के बाद महिला ने होटल में बेटे का चाकू से गला रेत दिया। हत्या के बाद महिला ने खुद पुलिस को फोन किया। उसने पुलिस को बेटे की हत्या और खुद के जहर खाकर आत्महत्या करने की जानकारी दी। 19 मार्च की सुबह मां और बेटे को होटल से चेक-आउट करना था। जानकारी मिलने के बाद सेंटा एना पुलिस होटल पहुंची, जहां लडक़े की डेड बॉडी बरामद हुई। वह कई घंटों पहले ही मर चुका था। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन गुरुवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। महिला का तलाक हो चुका है। वह पति और बेटे से अलग रहती थी। तलाक के बाद बेटे की कस्टडी पिता प्रकाश राजू को दी गई थी। वहीं सरिता को बेटे से मुलाकात करने का अधिकार दिया गया था। दोनों के बीच पिछले साल से बेटे की कस्टडी को लेकर विवाद चल रहा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button