आज समाचार

8 लाख से ज्यादा नशीली गोलियां, 2 हजार किलो से ज्यादा भुक्की, 34 किलो गांजा और 6 किलो चरस भी जब्त

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के नेता और कैबिनेट मंत्री तरूणप्रीत सिंह सोंध ने पंजाब सरकार के नशे के खिलाफ अभियान ‘युद्ध नशयां विरूद्ध’ की सफलता के बारे में बताया और 27 मार्च तक हुई पुलिस कार्रवाई की जानकारी मीडिया के साथ साझा की।

शुक्रवार को मंत्री तरूणप्रीत सोंध ने आप नेता डॉ सनी आहलूवालिया के साथ चंडीगढ़ पार्टी कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। मंत्री ने बताया कि ‘युद्ध नशयां विरूद्ध’ अभियान के नतीजे बेहद उत्साहजनक है और पूरे पंजाब में इसके अच्छे नतीजे देखने को मिल रहे हैं। आम लोग भी इस मुहिम के लिए पंजाब सरकार की तारीफ कर रहे हैं।

सोंध ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 2022 विधानसभा चुनाव के समय पंजाब के लोगों से वादा किया था कि सत्ता में आने के बाद हम पंजाब से नशे को पूरी तरह खत्म कर देंगे। अब मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आप सरकार अपने उस वादे को पूरा कर रही है। उन्होंने पिछली कांग्रेस और अकाली भाजपा सरकार की आलोचना की और तीनों पार्टियों पर नशे को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस द्वारा यह अभियान बेहद सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है। अब तक 149 किलो हेरोइन, 87 किलो से ज्यादा अफीम और 5.83 करोड़ रुपए से ज्यादा नगद बरामद किए गए हैं। वहीं नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांसेज एक्ट (एनडीपीएस) के तहत 2443 एफआईआर दर्ज हुए हैं और 4218 ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

इसके अलावा करीब 8 लाख से नशीली दवाओं की गोलियां और 2000 किलो से ज्यादा भुक्की, 34 किलो गांजा, 6 किलो चरस और 1.25 किलो आइस, करीब 500 नकली शराब की बोतलें, 7 किलो नशीली पाउडर और 514 इंजेक्शन भी पुलिस ने बरामद किए हैं। वहीं नशा तस्करी से जुड़े 51 लोगों के इमारतों को ध्वस्त किया गया है। इन लोगों ने नशे के पैसे से इन मकानों को अवैध तरीके से बनाया था।

वहीं नशा तस्करी से जुड़ी 22 मोटरसाइकिल, 8 मोबाईल, 4 कार और 12 पिस्तौल जब्त किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान 4 किलो से ज्यादा सोना, जिसमें एक हार और दो चेन शामिल है एवं 1.25 किलो चांदी भी बरामद किया गया। इसके अलावा 5689 ट्रैफिक चालन किए गए हैं।

मंत्री सोंध ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आप सरकार पंजाब से नशा खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पंजाब पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कारवाई कर रही है, जिसके नतीजे आपके सामने है। उन्होंने कहा कि इस बार नशे से जुड़े किसी भी लोगों बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नशा तस्करों को चेतावनी दी कि या तो नशा की तस्करी छोड़ दो या पंजाब छोड़ दो, नहीं तो जेल जाने के लिए तैयार रहो।

सोंध ने बताया कि नशा तस्करों पर कार्रवाई के साथ-साथ सरकार और भी कई बेहतर कदम उठा रही है। नशे के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में 1000 से ज्यादा बैठकें आयोजित की गई हैं। सैंकड़ों गांवों में भी इस तरह के कार्यक्रम चलाए गए हैं।

उन्होंने आम लोगों से सरकार के इस मुहिम का समर्थन करने की अपील की और कहा कि नशा से जुड़े लोगों की जानकारी दें और नशे से पीड़ित लोगों को जल्द से जल्द नशा मुक्ति केन्द्रों में भर्ती कराएं। इन केन्द्रों में हर तरह की व्यवस्था की गई है ताकि लोग नशा छोड़कर सामान्य जीवन में वापस आ सकें। उन्होंने कहा कि नशा से छुटकारा पाने के बाद सरकार उन नौजवानों को रोजगार के अवसर भी प्रदान करेगी और अगर कोई स्वरोजगार करने के इच्छुक होगा तो उसके लिए भी पंजाब सरकार मदद करेगी।

मंत्री सोंध ने पंजाब के सभी पंचों- सरपंचों और सामाजिक व धार्मिक संगठनों से भी सरकार का सहयोग करने और ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों नशा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button