आज समाचार

आप कार्यकर्ता 14 अप्रैल को अंबेडकर की मूर्तियों की रक्षा करेंगे: अरोड़ा

चंडीगढ़, 2 अप्रैल

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने गुरपतवंत  पन्नू द्वारा बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की है।

चंडीगढ़ पार्टी कार्यालय में आप पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने आप नेता नील गर्ग और डॉ. सनी अहलूवालिया के साथ एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अरोड़ा पन्नू पर जमकर बरसे और उन्हें “देशद्रोही” एवं “भगोड़ा” कहा। उन्होंने कहा कि वह विदेशी भूमि से भारतीयों के बीच नफरत और विभाजन को भड़काने का प्रयास कर रहा है।

अमन अरोड़ा ने कहा, “डॉ. बी.आर. अंबेडकर न केवल दलित समुदाय का गौरव हैं, बल्कि पूरे देश का गौरव हैं। वह सभी धर्मों और समुदायों के लिए आदर्श हैं और यह उनकी दूरदर्शिता के कारण है कि भारत आज दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में पहचाना जाता है। उनके योगदान ने आम नागरिकों को प्रमुख पदों पर पहुंचने और राष्ट्र की सेवा करने के योग्य बनाया है।”

पन्नू के विभाजनकारी एजेंडे की आलोचना करते हुए अरोड़ा ने कहा कि देश से दूर बैठे लोगों को यहां नफरत फैलाने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने पन्नू के पाखंड की आलोचना करते हुए कहा, “पन्नू सिखों के लिए न्याय की बात करता है, लेकिन वह खुद सिख धर्म का सम्मान नहीं करता है।”

अरोड़ा ने सिख धर्म के सार्वभौमिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा, “सिख धर्म एक महान धर्म है जो समानता को कायम रखता है और जाति व पंथ के बावजूद सभी समुदायों के कल्याण का उपदेश देता है। लेकिन पन्नू समाज में विभाजन पैदा करने के लिए सिख धर्म के नाम का उपयोग कर रहा है।”

14 अप्रैल को अंबेडकर की मूर्तियों को नुकसान पहुंचाने के पन्नू के कथित धमकी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए अमन अरोड़ा ने उसे खुली चुनौती दी और कहा, “मैं पन्नू को चुनौती देता हूं कि यदि उसमें साहस है, तो वह स्वयं यहां आए। अरोड़ा ने कहा कि 14 अप्रैल के दिन हजारों आप कार्यकर्ता पंजाब भर में सभी अंबेडकर प्रतिमा पर झंडे और लाठियों के साथ खड़े होंगे और उनकी मूर्तियों सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी के एससी विंग के सदस्य और अन्य पार्टी कार्यकर्ता ऐसे घृणित तत्वों को मुंहतोड़ जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि पन्नू सिर्फ नफरत बोने की कोशिश कर रहा है, लेकिन वह ऐसा कर पंजाब की एकता और भाईचारा खराब नहीं कर सकता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button