वक्फ विधेयक पर रालोद-जदयू में बगावत, शाहजेब रिजवी का इस्तीफा, पार्टी भी छोड़ी

वक्फ बिल पर जयंत चौधरी की पार्टी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में बगावत हो गई है। रालोद के प्रदेश महासचिव शाहजेब रिजवी ने संसद में वक्फ बिल का समर्थन करने के जयंत चौधरी के फैसले से नाराज होकर अपने पद से इस्तीफा देने के साथ ही पार्टी भी छोड़ दी है। शाहजेब ने एक वीडियो जारी कर जयंत चौधरी के फैसले को मुसलमानों के साथ विश्वासघात भी बताया है। वहीं जदयू में भी इस्तीफे शुरू हो गए हैं। एक के बाद एक मुस्लिम नेताओं का इस्तीफा जारी है।
अब तक बिल को समर्थन देने से नाराज सात मुस्लिम नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है। इनमें पूर्व प्रदेश सचिव एम. राजू नैयर, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव मोहम्मद शाहनवाज मलिक, बेतिया जिला के उपाध्यक्ष नदीम अख्तर, प्रदेश महासचिव सिएन मो. तबरेज सिद्दीकी अली, भोजपुर से पार्टी सदस्य मो. दिलशान राईन और खुद को मोतिहारी के ढाका विधानसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी बताने वाले मोहम्मद कासिम अंसारी शामिल हैं। नवादा जिले के जेडीयू जिला सचिव मोहम्मद फिरोज खान ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।








