आज समाचार
अमृतसर में दो किलो हेरोइन और क्रिस्टल मेथ के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

अमृतसर। पंजाब में नशा तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका देते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सोमवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से दो किलोग्राम हेरोइन और 900 ग्राम आइस (क्रिस्टल मेथ) बरामद किया। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि आरोपी की पहचान जिले के कक्कड़ गांव निवासी तमनदीप सिंह के तौर पर की गयी है। इस संबंध में एनडीपीएस कानून के तहत थाना लोपोके में प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीजीपी ने बताया कि आगे की जांच चल रही है, ताकि तस्करी से संबद्ध अन्य लोगों का पता लगाया जा सके और इसमें शामिल पूरे नेटवर्क को खत्म किया जा सके। उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस नशा माफियाओं को खत्म करने और पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।





