पंचकूला में ‘स्मार्ट ई-बीट सिस्टम’, अपराध नियंत्रण और लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस की नई पहल

पंचकूला
अपराध नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में पंचकूला पुलिस ने एक अत्याधुनिक तकनीक आधारित स्मार्ट ई-बीट सिस्टम की शुरुआत की है। इस प्रणाली का शुभारंभ आज पुलिस कमिश्नर राकेश कुमार आर्य ने उपायुक्त पुलिस हिमाद्रि कौशिक एवं एसीपी अजीत सिंह की उपस्थिति में मनसा देवी परिसर स्थित पुलिस कार्यालय से किया। यह प्रणाली अब गुरुग्राम और फरीदाबाद के बाद हरियाणा में पंचकूला को तीसरा ऐसा जिला बनाती है जहां यह प्रणाली लागू की गई है। स्मार्ट ई-बीट सिस्टम एक अत्याधुनिक पूर्णत: डिजिटल और रीयल टाइम पेट्रोलिंग प्लेटफ़ॉर्म है, जो पुलिस गश्त को अधिक जवाबदेह,पारदर्शी और प्रभावशाली बनाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस प्रणाली में कुल 29 राइडर्स और 12 पीसीआर यूनिट्स को शामिल किया गया है, जो शहर के लगभग 450 प्रमुख स्थानों पर नियमित गश्त सुनिश्चित करेंगे।
यह पूरी प्रक्रिया अब मोबाइल और वेब एप्लिकेशन के माध्यम से निगरानी योग्य होगी। पिछले एक एक महीने से बैंगलुरु आधारित टेक्निकल टीम के द्वारा राइडर व पीसीआर पर तैनात पुलिसकर्मियों को ऐप क सफल संचालन हेतु ट्रेनिंग दी जा रही थी। इस प्रणाली की प्रमुख विशेषताओं में पेट्रोलिंग प्लानिंगए जीपीएस ट्रैकिंग और सेंट्रलाइज्ड मॉनिटरिंग शामिल हैं। अब हर राइडर की गतिविधियों को वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा वास्तविक समय में ट्रैक किया जा सकेगा। दिन और रात की गश्त दोनों को डिजिटल रूप में रिकॉर्ड किया जाएगा। इससे गश्त में लापरवाही या चूक की संभावना न के बराबर होगी। इससे पहले पुलिस अधिकारी खुद मौके पर पहुंचकर यह सुनिश्चित करते थे कि क्या राइडर नियमित रूप से गश्त कर रहे है। इससे पुलिस के समय की भी बचत होगी। इसके अलावा अपराध और अपराधियों की मैपिंग से पुलिस को हॉटस्पॉट्स की पहचान में मदद मिलेगी।








