आज समाचार

ट्राइसिटी का सबसे खूबसूरत शहर बनेगा मोहाली, स्थानीय निकाय मंत्री ने नगर निगम का किया दौरा, बनाई रणनीति

पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री डा. रवजोत सिंह ने आज नगर निगम मोहाली का दौरा किया और मोहाली शहर से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों का पालन करते हुए मोहाली शहर को ट्राइसिटी का सबसे बेहतरीन शहर बनाने के लिए यह दौरा विशेष रूप से योजनाबद्ध किया गया है। इसका उद्देश्य नगर निगम के समक्ष आ रही समस्याओं का पता लगाना और उनका आवश्यक समाधान निकालना है। स्थानीय निकाय मंत्री के अनुसार मोहाली शहर पर गमाडा और नगर निगम का नियंत्रण होने के कारण कई समस्याएं दोनों विभागों से संबंधित हैं। इनके समाधान के लिए जल्द ही चंडीगढ़ में नगर निगम और गमाडा अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक बुलाई जाएगी और इन सभी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए विस्तार से चर्चा की जाएगी। स्थानीय निकाय मंत्री ने नगर निगम कमिश्नर परमिंदर पाल सिंह से निगम की आयए शहर की सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन पेयजल, प्रॉपर्टी टैक्स, बिल्डिंग प्लान रेवेन्यू, मोहाली एमसी क्षेत्र में शामिल गांवों में चल रहे निर्माण आदि के बारे में विस्तृत जानकारी ली। बैठक में मौजूद स्थानीय निकाय विभाग पंजाब के अतिरिक्त प्रमुख सचिव तेजवीर सिंह ने मंत्री डा. रवजोत सिंह को जानकारी दी कि मोहाली शहर में तेजी से आ रहे हाउसिंग प्रोजेक्टों के मद्देनजर शहर का तेजी से विस्तार हो रहा हैए जिसके लिए मौजूदा सुविधाएं कम पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के इस सबसे पसंदीदा शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए सरकार की ओर से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

मीटिंग के दौरान शहर के कूड़ा डंपों और गमाडा के अधीन पड़ते इलाकों में कूड़े के प्रबंधन पर भी चर्चा की गई और इसके समाधान के लिए गमाडा और नगर निगम की संयुक्त मीटिंग करने का फैसला किया गया। शहर में की जा रही मैकेनिकल और मैनुअल सफाई का जायजा लेते हुए सफाई के साथ.साथ सडक़ों के आसपास पड़े कूड़े और मलबे के ढेरों को भी साफ करने को कहा गया। स्थानीय निकाय मंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को शहर के पार्कों के विशेष रख-रखाव के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों के साथ तालमेल करके उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपने को कहा। इसके बाद कैबिनेट मंत्री डा. रवजोत सिंह ने साहिबजादा अजीत सिंह नगर के विधायक कुलवंत सिंह के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा भी किया। इसमें मौली बैदवान और फेज 11 के आरएमसी प्वाइंट, मटौर के कूड़ा संवेदनशील प्वाइंट, बावा व्हाइट हाउस से फेज-7 तक सडक़ को चौड़ा करने का जायजा और पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के पीछे नेचर पार्क शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button