Table Tennis Competition : शिमला के अद्वय 3-1 से चैंपियन, कांगड़ा के अर्थव को दी मात

राज्य स्तरीय प्रथम हिमाचल प्रदेश रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता बुधवार को मंडी के पड्डल मैदान में स्थित बैडमिंटन हाल में संपन्न हो गई। समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने शिरकत की। उन्होंने समस्त विजेताओं को सम्मानित कर बधाई दी। इस प्रतियोगिता का आयोजन स्व. पीसी आनंद की स्मृति में लाला पीसी आनंद मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट मंडी द्वारा व जिला टेबल टेनिस संघ मंडी द्वारा किया गया। तीन दिवसीय राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 200 खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्यातिथि ने समस्त प्रतिभागियों को कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में शिमला के अद्वय ने कांगड़ा के अर्थव को 3-1 से हराया। कांगड़ा के रुद्राक्षी ने शिमला की खिलाड़ी को 3-1, छात्रा वर्ग में रुद्राक्षी ने सुम्या को 3-2 से हराया।
इसके अलावा अंडर-17 छात्र वर्ग में कांगड़ा के राघव सूद ने तन्मय रावत को 3-1 से और अर्थव ने कांगड़ा के रुद्रा गुलेरिया को 3-0 से हराया दिया है। महिला वर्ग की प्रतियोगिता में मंडी की भावप्रिता ने कांगड़ा की रुद्रांशी को 3-2 से हराया। इस अवसर पर लाला पीसी आनंद मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी सुभाष आनंद, टेबल टेनिस संघ मंडी के प्रधान हेमन राज वैद्य, वाईपी राजा, सोमनाथ, हरीश कपूर, संतोष कपूर, यतीश शर्मा कोच टेबल टेनिस, विशाल शर्मा, राजेंद्र राजा सचिव नामधारी स्पोट्र्स क्लब, अनिरुद्ध कपूर, विवेक कपूर सचिव जिला टेबल टेनिस संघ मंडी सहित अन्य उपस्थित रहे।








