आज समाचार

अगले दशक में 100 अरब डॉलर का होगा भारतीय मीडिया और मनोरंजन उद्योग: मुकेश अंबानी

मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने कहा कि अगले दशक तक भारतीय मीडिया और मनोरंजन उद्योग चार गुना की वृद्धि दर्ज करके 100 अरब डॉलर से अधिक का हो जाएगा। अभी यह बाजार करीब 28 अरब डॉलर का है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में मुकेश अंबानी यहां आयोजित वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (Waves) के शुभारंभ के अवसर पर प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा “मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत एक अग्रणी डिजिटल राष्ट्र बन गया है। कहानी कहने की कला और डिजिटल तकनीकों के मिश्रण ने भारत के मनोरंजन और सांस्कृतिक प्रभाव और पहुंच को बढ़ा दिया है। एआई और इमर्सिव तकनीकों के उपकरण हमारी कहानियों को पहले से कहीं अधिक आकर्षक बना सकते हैं और उन्हें तुरंत विभिन्न भाषाओं, देशों और संस्कृतियों के दर्शकों तक पहुंचा सकते हैं। मुझे विश्वास है कि भारत के सुपर-टैलेंटेड युवा वैश्विक मनोरंजन उद्योग पर राज करेंगे।”

पहलगाम में हाल ही में हुए बर्बर आतंकवादी हमले पर मुकेश अंबानी ने कहा “हम सभी पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। प्रधानमंत्री जी का कठिन परिस्थितियों में भी यहां आना एक मजबूत संदेश देता है। मोदी जी, शांति, न्याय और मानवता के दुश्मनों के खिलाफ इस लड़ाई में आपको 145 करोड़ भारतीयों का पूरा समर्थन है। भारत की जीत भी निश्चित है।“

उन्होंने कहा कि वेव्स इनोवेशन, संस्कृति और सहयोग का ग्लोबल हब बनने को तैयार है। 5,000 से अधिक वर्षों की हमारी सभ्यतागत विरासत में, हमारे पास कालातीत कहानियों का विशाल खजाना मौजूद है। रामायण और महाभारत से लेकर दर्जनों भाषाओं में लोककथाएँ और क्लासिक्स हैं। ये दुनिया भर के लोगों के दिलों को छूती हैं क्योंकि उनमें मानवीय मूल्य हैं, भाईचारा है, करुणा, साहस, प्रेम और सौंदर्य है। कोई भी देश भारत की कहानी कहने की ताकत का मुकाबला नहीं कर सकता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button