फिरोजपुर में पांच किलो हेरोइन जब्त, आरोपियों से दो पिस्तौल, चार मैगजीन कब्जे में ली, तीन तस्कर गिरफ्तार

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित और नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चल रही मुहिम के दौरान पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) फिरोजपुर ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 5.4 किलो हेरोइन, दो 7.65 एमएम की चीन में बनी पिस्तौल, चार मैगजीन और एक पिस्तौल स्लाइड समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार करने के बाद सीमा पार से चलाए जा रहे नारको नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस पंजाब गौरव यादव ने बुधवार को यहां दी। गिरफ्तार किए गए मुलजिमों की पहचान संदीप सिंह और जज्ज सिंह, दोनों निवासी गांव कमाल वालाए जिला फिरोजपुर और बब्बू सिंह उर्फ बब्बू निवासी गांव जल्लो केए फिरोजपुर के रूप में हुई है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह खेप पाकिस्तान स्थित तस्करों द्वारा सीमा पार से ड्रोन का उपयोग करके भेजी गई थी।
उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे और पीछे के संबंधों को स्थापित करने के लिए जांच जारी है। पहले ऑपरेशन संबंधी विवरण साझा करते हुए, एआईजी सीआई फिरोजपुर गुरसेवक सिंह ने कहा कि विश्वसनीय सूत्रों की खुफिया जानकारी पर तेजी से कार्रवाई करते हुए, सीआई फिरोजपुर की पुलिस टीमों ने फिरोजपुर के गांव कोतवाल के लिंक रोड पर स्थित सरकारी कालेज, मोहकम वाला के पास छापेमारी की और मुलजिम संदीप सिंह और जज्ज सिंह को 465 ग्राम हेरोइन और दो पिस्तौलों समेत मैगजीन और पिस्तौल स्लाइडर के साथ गिरफ्तार कर लिया।इस संबंध में, फिरोजपुर के थाना कुलगढ़ी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 सी और 29 और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 52 दिनांक 06/05/2025 को दर्ज किया गया।







