चौतरफा लिवाली के बल पर शेयर बाजार में उछाल

मुंबई। 29 दिग्गज कंपनियों में हुई लिवाली की बदौलत शुक्रवार को शेयर बाजार करीब एक प्रतिशत उछल गया। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 769.09 अंक अर्थात 0.95 प्रतिशत की छलांग लगाकर 81,721.08 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 243.45 अंक यानी 0.99 प्रतिशत की तेजी लेकर 24853.15 अंक पर बंद हुआ। बीएसई की दिग्गज कंपनियों की तरह मझौली और छोटी कंपनियों में भी लिवाली हुई, जिससे मिडकैप 0.50 प्रतिशत चढक़र 44,861.42 अंक और स्मॉलकैप 0.45 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 51,521.42 अंक पर पहुंच गया। इस दौरान बीएसई में कुल 4106 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2357 में लिवाली, जबकि 1594 में बिकवाली हुई वहीं 155 में कोई बदलाव नहीं हुआ।
इसी तरह एनएसई में कुल 2947 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1731 में तेजी, जबकि 1132 में गिरावट हुई वहीं 84 में टिकाव रहा। विश्लेषकों के अनुसार, मार्च के निचले स्तरों से 14 प्रतिशत की गिरावट के बाद घरेलू शेयर बाजार फिलहाल नई दिशा तलाशने के संघर्ष में है। इस उतार-चढ़ाव के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब तक बाजार में तेजी को समर्थन देने वाली एफआईआई खरीददारी की रफ्तार थमती नजर आ रही है। खासकर इस महीने की 20 और 22 तारीख को हुई भारी बिकवाली यह संकेत देती है कि यदि वैश्विक माहौल प्रतिकूल रहा तो एफआईआई फिर से आक्रामक बिकवाली की ओर बढ़ सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंताएं बढ़ रही हैं। अमरीका और जापान में बॉन्ड यील्ड में तेज उछाल से वैश्विक वित्तीय स्थिरता को लेकर चिंता बढ़ी है।








