हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के केस में सामने आया बड़ा अपडेट

पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पकड़ी गई हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के मोबाइल और लैपटॉप से डिलीट किया डाटा रिकवर हो गया है। इसमें कई वीडियो और चैटिंग शामिल हैं। फोरेंसिक लैब से यह डाटा पुलिस को भेज दिया गया है। पुलिस सोर्सेज के मुताबिक इस डेटा से पुलिस को कुछ संदिग्ध चीजें मिली हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया जा रहा है। ज्योति का चार दिन की रिमांड सोमवार (26 मई) को खत्म हो रहा है। पुलिस इसी डाटा के आधार पर कोर्ट से रिमांड बढ़ाने की मांग करेगी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अभी और डाटा मिलना बाकी है।
तीन राज्यों की पुलिस ज्योति से पूछताछ कर चुकी है, जबकि 12 राज्यों की पुलिस भी हिसार पुलिस से संपर्क कर पूछताछ की बात कह रही है। ज्योति ने इन सभी जगहों पर जाकर वीडियो शूट किए थे। हिसार के एसपी शशांक कुमार सावन कह चुके हैं कि ज्योति के आतंकवादियों से सीधे संपर्क नहीं मिले हैं।








