मुनाफा वसूली से बाजार ढेर, सेंसेक्स 624 अंक गिरकर 81551 पर बंद, निफ्टी 174 अंक लुढक़ा

मुंबई
राष्ट्रपति डोनालड ट्रंप के कर-कटौती विधेयक से अमरीका का राजकोषीय घाटा बढ़ जाने की आशंका के बीच स्थानीय स्तर पर हुई जबरदस्त मुनाफा वसूली से मंगलवार को शेयर बाजार की पिछले लगातार दो दिनों की तेजी थम गई तथा सेंसेक्स और निफ्टी आधे प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुए। मंगलवार को सेंसेक्स 624.82 अंक गिरकर 81,551.63 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 174.95 अंक की गिरावट रही, ये 24,826.20 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से पांच में तेजी और 25 में गिरावट रही। अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर सबसे ज्यादा 2.21 फीसदी गिरा है। आईटीसी, टाटा मोटर्स, एनटीपीसी सहित कुल 10 शेयरों में एक फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही।
ग्लोबल मार्केट में गिरावट
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 192 अंक बढक़र 37,724 और कोरिया का कोस्पी सात अंक गिरकर 2,637 के स्तर पर बंद हुआ। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 100 अंक की तेजी के साथ 23,381 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 6 अंक नीचे 3,340 के स्तर पर बंद हुआ। 23 मई को अमरीका का डाउ जोन्स 256 अंक गिरकर 41,603 पर, नैस्डेक कंपोजिट 188 अंक नीचे 18,737 पर और एस एंड पी 500 भी 39 अंक गिरकर 5,802 पर बंद हुआ था।








