लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर 300 रुपए का सिक्का जारी करेंगे PM मोदी

लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ‘महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन’ में लाखों महिलाओं से संवाद करते हुए देवी अहिल्या की स्मृति में 300 रुपए का विशेष सिक्का जारी करेंगे। पीएम मोदी की मौजूदगी वाले इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस सम्मेलन में राज्य भर से करीब ढाई लाख महिलाओं के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।
अपने भोपाल प्रवास के दौरान पीएम मोदी देवी अहिल्याबाई होलकर को समर्पित एक स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे। इसके साथ ही वे देवी अहिल्याबाई होलकर को समर्पित 300 रुपए का विशेष स्मृति सिक्का जारी करेंगे, जिसमें अहिल्याबाई की छवि अंकित होगी। प्रधानमंत्री मोदी जनजातीय, लोक और पारंपरिक कलाओं में योगदान देने वाली महिला कलाकार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार से सम्मानित करेंगे।








