गगनयान मिशन: अंतरिक्ष में मानव भेजने की तैयारियों में जुटा ISRO

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) अब चांद पर मिशन के साथ ही अंतरिक्ष में मानव भेजने की भी तैयारी कर रहा है। गगनयान मिशन के तहत भारतीय अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में जाएंगे। इसके अलावा, निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने और नए लॉन्च व्हीकल्स के विकास पर भी जोर दिया जा रहा है। इसरो चंद्रयान, गगनयान और भारत-अमेरिका निसार मिशन सहित कई सफल प्रक्षेपण के साथ ही एक्सिओम-4 मिशन पर देश के पहले अंतरिक्ष यात्री को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर भेजने के लिए प्रतिबद्ध है। इसरो ने पिछले वर्ष की उपलब्धियों को गिनाते हुए अपनी वेबसाइट में यह नवीनतम जानकारी साक्षा की।
अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि श्रीहरिकोटा के अंतरिक्ष केंद्र से पांच प्रक्षेपण सफल रहे हैं जिनमें आठ भारतीय अंतरिक्ष यान, एक विदेशी उपग्रह और पीओईएम 3 और 4 सहित छह रॉकेट निकायों का सटीक प्रक्षेपण शामिल है।इनमें पीएसएलवी-सी58/एक्सपोसैट, पीएसएलवी-सी59/प्रोबा-3, पीएसएलवी-सी60/एसपीएडेक्स डॉकिंग प्रायोगिक मिशन, जीएसएलवी-एफ14/इनसैट-3डीएस और एसएसएलवी-डी3/ईओएस-08 मिशन शामिल थे। इन सभी ने अपनी निर्धारित कक्षा में पेलोड को सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया।








