आज समाचार

भारी बारिश के चलते NH-13 पर भूस्खलन की चपेट में आई गाड़ी, सात लोगों की मौत

अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी कामेंग जिले में शुक्रवार देर रात भारी बारिश के दौरान बाना और सेप्पा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-13 पर हुए भूस्खलन में सात लोगों की मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और यातायात बाधित हो गया। सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-13 के बाना-सेप्पा खंड पर हुए भूस्खलन में सात लोगों को ले जा रहा एक वाहन बह गया और गहरी खाई में गिर गया। वाहन सेप्पा की ओर जा रहा था, तभी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की चपेट में आ गया।

अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री और स्थानीय विधायक मामा नटुंग ने अपने विधानसभा क्षेत्र में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मामा नटुंग ने एक संदेश में शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुये कहा,“ मेरे विधानसभा क्षेत्र में सात लोगों की मौत के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। ” गृह मंत्री ने नागरिकों से मानसून के मौसम में रात में खासकर भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने से बचने का आग्रह किया।

मामा नटुंग ने कहा, “ मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि मानसून के मौसम में सतर्क रहें और रात के समय यात्रा करने से बचें। मेरी संवेदनायेें और प्रार्थनायें प्रभावित परिवारों के साथ हैं। ओम शांति शांति,” अधिकारियों ने घटनास्थल पर बचाव और निकासी अभियान शुरू कर दिया है, जबकि स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने और खराब मौसम की स्थिति के दौरान यात्रा को प्रतिबंधित करने का आग्रह किया है। इस बीच, सूत्रों ने कहा कि बचाव दल ने सभी सात शव बरामद कर लिये हैं, लेकिन उनकी पहचान अभी तक नहीं हो पायी है। उल्लेखनीय है कि उत्तर-पूर्वी राज्य में गुरुवार से लगातार बारिश हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button