आज समाचार
जम्मू-कश्मीर के लिए दिन ऐतिहासिक, पीएम मोदी आज दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज का करेंगे उद्घाटन
जम्मू
पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री मोदी पहली बार शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे। पीएम मोदी दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब और भारत के पहले केबल-स्टे रेल ब्रिज अंजी का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वह कटरा में 46,000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास तथा उद्घाटन करेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर और वापस जाने वाली दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। ये ट्रेनें निवासियों, पर्यटकों, तीर्थयात्रियों और अन्य लोगों के लिए एक तेज, आरामदायक और विश्वसनीय यात्रा विकल्प प्रदान करेंगी। अपने इस दौरे को लेकर पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि जम्मू-कश्मीर के लिए शुक्रवार का दिन अहम है।








