एनडीए की मजबूती को 243 सीटों पर लडूंगा चुनाव, चिराग बोले, बिहार में NDA की जीत पक्की करना लक्ष्य

लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि लोग पूछते हैं चुनाव लड़ेंगे, तो हां चुनाव लड़ेंगे। 243 सीटों पर चुनाव लड़ूंगा। मैं एनडीए की मजबूती के लिए बिहार की 243 सीटों पर चिराग पासवान बनकर चुनाव लडूंगा। उन्होंने कहा कि मेरा लक्ष्य है कि हम एनडीए की जीत के लिए अग्रसर हों। आरा के रमना मैदान में रविवार को आयोजित नव संकल्प महासभा को चिराग पासवान संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि ईडी की बड़ी जीत ही मेरा लक्ष्य है। चिराग पासवान ने आगे कहा कि मैं विधानसभा का चुनाव लडूंगा या नहीं, इन तमाम विषयों पर चर्चा चल रही है।
अंतिम मुहर पार्लियामेंट्री बोर्ड की तरफ से ही लगेगी। कुछ लोग मेरे चुनाव लडऩे को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। स्पष्ट तौर पर बता देना चाहता हूं कि अगर मैं विधानसभा का चुनाव लडूंगा, तो उसके पीछे की सोच अपनी पार्टी के स्ट्राइक रेट को मजबूत करना होगा। गठबंधन को मजबूती देना होगा।
राजद-कांग्रेस पर साधा निशाना; कहा, बिहार चुनाव में भी हार मान चुके हैं राहुल गांधी
चिराग पासवान ने राजद-कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस जंगल राज की हम बात करते हैं, उसके लिए सिर्फ आरजेडी ही नहीं, कांग्रेस भी बराबर की जिम्मेदार है। आरा रवाना होने से पहले पटना में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उनके नेताओं में यही समस्या है कि जब आत्ममंथन करने की आवश्यकता है, तो लोग चुनाव हारने के बहाने ढूंढते हैं। क्या वह व्यवस्था ठीक थी, जब एक हस्ताक्षर से चुनाव आयुक्त की नियुक्ति हो जाती थी? एक ऐसी व्यवस्था पर इनका प्रश्नचिन्ह है, जहां पर एक समिति द्वारा चुनाव आयुक्त को चुना जा रहा है। हकीकत तो यह है कि यदि राहुल गांधी को किसी एक संस्थान में गलतियां निकालनी हैं, तो वह कोई संवैधानिक संस्थान नहीं है, बल्कि उनकी अपनी पार्टी कांग्रेस है। उनका कभी चुनाव आयोग पर ठीकड़ा फोडऩा, कभी किसी फिक्सिंग का आरोप लगाना या कभी ईवीएम खराब है कहना, यह अपने में दर्शाता है कि इन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में भी हार मान ली है। बिहार के बाद असम, बंगाल जैसे तमाम राज्य ये लोग हारने जा रहे हैं।








