दिल्लीवासियों को मिलने वाली है गर्मी से राहत, हिमाचल समेत इन राज्यों में दो दिन ‘लू’ का अलर्ट

नई दिल्ली। चिलचिलाती गर्मी से परेशान दिल्लीवासियों को गुरुवार को इससे थोड़ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए गर्मी को लेकर ऑरेंज अलर्ट, जबकि 12 जून की शाम से आंधी और बारिश होने का अनुमान जताया है, जिसके बाद लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार का दिन इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा और अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री दर्ज किया गया, लेकिन लू सूचकांक 47.1 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आज आसमान आम तौर पर साफ रहेगा और कुछ जगहों पर लू की स्थिति बनी रहेगी। यहां पर न्यूनतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री रहने के आसार हैं। इन दिनों देश के विभिन्न हिस्सों में लोग भीषण गर्मी से बेहाल है। फिछले एक सप्ताह में तापमान में आठ से 13 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है। पंजाब का बठिंडा में कल अधिकतम तामपमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और हरियाणा के सिरसा में मंगलवार को यह 46.2 डिग्री सेल्सियस था।
मौसम विभाग ने देश के उत्तरी राज्यों राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश में दो दिन लू का अलर्ट है। केरल में फिर से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस राज्य के उत्तरी जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 13 जून को चार और 14 जून को नौ जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।








