मौत की उड़ान : जमीन पर गिरते ही आग का गोला बना एयर इंडिया का विमान

अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरते ही एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान आकाश में संघर्ष करता नजर आया और अगले ही पल रिहायशी इलाके में जा गिरा। गुरुवार को यह त्रासदी सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई, जहां विमान टेकऑफ के तुरंत बाद नीचे आने लगता है और एक भीषण विस्फोट के साथ कै्रश हो जाता है। जमीन पर गिरते ही विमान आग का गोला बन जाता है। आसमान में आग का गुबार उठता है, जिसके बाद धुएं का बादल फैल जाता है। वीडियो फुटेज में साफ दिखाई देता है कि विमान रनवे से उड़ान भरने के बाद करीब 625 फुट की ऊंचाई पर पहुंचा और फिर अचानक नीचे की ओर मुड़ गया। अगले ही क्षण, एक रिहायशी इलाके में जोरदार धमाका हुआ, जहां एक मेडिकल कालेज के छात्र लंच कर रहे थे। फुटेज ने न केवल हादसे के भयावह पल को कैद किया है, बल्कि इस त्रासदी की गंभीरता को भी उजागर किया है, जो लंबे समय तक याद रखी जाएगी…
अपनों की तलाश में अस्पताल के बाहर बदहवास घूम रहे परिजन
किसी की बहन, तो किसी की बेटी जा रही थी लंदन
अहमदाबाद विमान हादसे ने दर्जनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। लंदन जा रही एयर इंडिया फ्लाइट एआई-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अहमदाबाद के सिविल अस्पताल के बाहर तनाव और बेचैनी का माहौल है। लोग अपनों की तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं। अस्पताल प्रशासन से कोई पुख्ता जानकारी न मिल पाने के कारण परिजन बदहवासी की हालत में अस्पताल परिसर के बाहर इंतजार कर रहे हैं। हादसे में मारे गए या घायल लोगों की जानकारी न मिलने से परिजनों की चिंता और भी बढ़ गई है। हर कोई अपनों की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहा है। इस बीच अस्पताल के बाहर लोग रोते बिलखते नजर आए। एक महिला, जो एक यात्री की पड़ोसी है, ने बताया कि मेरी पड़ोसन की बेटी उस फ्लाइट में थी। अब तक उसका कोई अता-पता नहीं है। हमें अंदर जाने की इजाजत भी नहीं मिल रही है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति, जो सिविल अस्पताल के बाहर मौजूद थे, ने भावुक स्वर में कहा कि मेरी बहन और बहनोई दोनों फ्लाइट में थे। उन्हें लंदन जाना था, अपनी बेटी से मिलने। मेरी भानजी ने लंदन से फोन किया और बताया कि उसके मम्मी-पापा इस फ्लाइट में थे। मैं तुरंत यहां भागा आया, लेकिन अब तक उनकी कोई जानकारी नहीं मिली है।
प्लेन क्रैश से पहले पायलट ने तीन बार दिया था सिग्नल
विमान हादसे को लेकर कई तरह की जानकारियों सामने आ गई हैं, जिसमें सबसे अहम जानकारी यह है कि विमान के पायलट की ओर से क्रैश से ठीक पहले करीबी एटीसी को सिग्नल भेजा गया था, जो कि खतरे का अंदेशा बता रहा था और इसी के कुछ पल के बाद विमान क्रैश कर गया। डीजीसीए की ओर से विमान हादसे के बाद विस्तार से जानकारी दी गई है। सबसे अहम जानकारी जो दी गई है, वह ये है कि अहमदाबाद एअरपोर्ट के रनवे 23 से इस विमान ने दोपहर 1:38 पर उड़ान भरी थी। उड़ान भरते ही इसने करीबी एटीसी को मेडे कॉल दी थी, लेकिन इसके बाद विमान की ओर से एटीसी को कोई सिग्नल नहीं दिया गया। उड़ान के कुछ सेकंड बाद ही विमान एयरपोर्ट परिसर के बाहर गिर गया।








