Whatsapp पर आ गए 3 नए फीचर, जानिए क्या मिलने वाला है नया

नई दिल्ली
व्हाट्सऐप ने अपने अपडेट्स टैब के लिए तीन नए फीचर जोडऩे की घोषणा की है, जिसमें एक फीचर ऐसा है, जिसके माध्यम से इस प्लेटफार्म के यूजर मासिक भुगतान के माध्यम से अपनी पसंद के चैनल से जुड़ सकते हैं और चैनल के एक्सक्लूसिव अपडेट प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा व्हाट्सऐप ने अपने प्लेटफार्म को कारोबारियों और स्वतंत्र सृजनकर्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रमोटेड चैनल और स्टेटस में विज्ञापनों को प्रदर्शित करने के दो अलग-अलग फीचर भी जोड़े हैं। व्हाट्सऐप ने एक ब्लॉग में कहा कि वह इन नए फीचर को अधिक उपयोगी बनाने और उपयोगकर्ता को प्रासंगिक विज्ञापन दिखाने के लिए उनके संबंध में कुछ सांकेतिक जानकारी जरूर एकत्रित करेगी, जिसमें देखा जाएगा कि यूजर किस देश में हैं, उसकी पसंद की भाषा क्या है, वह किस तरह के विज्ञापन और चैनल को पसंद करता है। उसका कहना है कि जिन उपयोगकर्ताओं ने व्हाट्सऐप को मेटा अकाउंट्स सेंटर से जोड़ा है, उनके लिए उनकी विज्ञापन प्राथमिकताओं को भी ध्यान में रखा जाएगा।








