इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेंगे 2027 का विधानसभा चुनाव, अखिलेश यादव ने किया ऐलान

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साफ किया है कि उनकी पार्टी 2027 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव को इंडिया गठबंधन के घटक दल के रुप में लड़ेगी। पार्टी के प्रदेश दफ्तर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सफाए के लिए उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के चलते महंगाई, बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। बिजली महंगी होने जा रही है। यह सरकार महंगाई, बरोजगारी लगातार बढ़ा रही है। दूध उत्पादन तो प्रदेश में हो ही नहीं रहा है, जो मदद काउ मिल्क प्लांट के जरिये सरकार की तरफ से मिलती थी, वो भी बंद कर दी गयी है।
उन्होंने कहा कि जो लोग किसानों का सामना नहीं कर सकते, वही तो हवाई यात्रा करेंगे। हमारे पहले मुख्यमंत्री हैं जो फसल को हेलीकॉप्टर से देखने निकले थे। बुनकरों के खराब हालात के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि बुनकर कारीगरों आर्थिक बदहाली का सामना कर रहे हैं। कम आय होने की वजह से जीवन स्तर में गिरावट आ रही है और वे लोग अपने भविष्य की योजना तक नहीं बना पा रहे हैं। बिचौलियों द्वारा उनका शोषण किया जा रहा है। बुनकरों की कमाई का बड़ा हिस्सा बिचौलियों के पास चला जाता है। उनके पास काम करने के लिए पूंजी नहीं बचती है। हालत यह हो गई है कि बुनकरों के लिए बनाए कपड़ों के लिए अब कोई खरीददार नहीं मिलता है।








