एक ही मैच में तीन सुपर ओवर, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा

क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा देखने को मिला है जब मैच का नतीजा तीन सुपर ओवर से निकला हो। इस मैच में नीदरलैंड ने नेपाल को हराकर इतिहास रच दिया। बता दें कि नीदरलैंड्स ने टी-20 त्रिकोणीय श्रृंखला के दूसरे मैच में नेपाल के खिलाफ टाई होने के बाद तीसरे सुपर ओवर में जीत दर्ज की है। ग्लास्गो में सोमवार रात खेले गए मुकाबले में नेपाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी नीदरलैंड्स के लिए एन अनिल तेजा (35), विक्रमजीत सिंह (30), माइकल लेविट (20), मैक्स ओ’डाउड (19) और साकिब जुल्फिकार (नाबाद 25) की शानदार पारियों के दम पर निर्धारित 20 ओवरो में सात विकेट पर 152 रनों का स्कोर खड़ा किया। नेपाल की ओर से संदीप लामिछाने ने तीन और नंदन यादव ने दो विकेट लिए। ललित राजबंशी और कुशल भुर्तेल ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
153 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने मात्र नौ रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गवां दिए। इसके बाद कुशल भुर्तेल के साथ कप्तान रोहित पॉडेल ने पारी को संभालने का प्रयास किया। छठें ओवर में कुशल भुर्तेल 23 गेंदों में (34) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें डोरम ने आउट किया। इसके बाद डोरम ने ऐरी और किरन थगुना को भी पवेलियन भेज दिया। एक समय नेपाल ने 15 ओवर में 97 रनों पर पांच विकेट गंवा दिए।
नेपाल को आखिरी पांच ओवरों में 56 रन चाहिए थे। रूपेश एक छक्का और एक चौका लगाते हुए नेपाल की वापसी कराई। बाद में पौडेल और करन केसी ने नेपाल को आखिरी ओवर तक ले गए और आखिरी ओवर में नेपाल को जीत के लिए 16 रन चाहिए थे। नंदन यादव ने तेज नीदरलैंड्स के गेंदबाज काइल क्लीन की पहली गेंद पर ही चौका जड़ दिया और उसके बाद दो, दो और चार रन बनाते हुए टीम के लिए आठ विकेट पर 152 का स्कोर खड़ा किया और मैच को टाई कराकर सुपर ओवर में ला दिया।
इसके बाद मुकाबले में हार-जीत तय करने के लिए सुपर ओवर का सहारा लिया गया है। पहले सुपर ओवर में नेपाल ने एक विकेट पर 19 रन बनाए। इसके जवाब में नीदरलैंड्स ने बिना कोई विकेट खोए 19 रन बनाकर मुकाबले को फिर टाई करा दिया। अब दूसरे सुपर ओवर में नीदरलैंड्स ने एक विकेट पर 17 रन बनाए। जवाब में नेपाल ने बिना कोई विकेट गवां 17 रन बना लिए और मैच फिर बराबरी पर छूटा।









