एक दिन में एयर इंडिया की सात फ्लाइट्स रद्द

एयर इंडिया की सात इंटरनेशनल फ्लाइट मंगलवार को रद्द कर दी गईं। इनमें अहमदाबाद-लंदन, दिल्ली-पेरिस, दिल्ली-वियना, लंदन-अमृतसर, दिल्ली-दुबई, बंगलुरु-लंदन फ्लाइट शामिल हैं। इसके अलावा सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही फ्लाइट के पैसेंजर्स को कोलकाता एयरपोर्ट पर उतारा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अहमदाबाद में प्लेन क्रैश की घटना के बाद पांच दिन में दूसरी बार अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट कैंसिल करनी पड़ी है। इसके पीछे तकनीकी खामी को वजह बताया गया है। मंगलवार को फ्लाइट संख्या एआई-159 अहमदाबाद से दोपहर 1:10 बजे लंदन के लिए उड़ान भरने वाली थी। जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट के टेकऑफ से कुछ घंटे पहले ही इस तकनीकी खराबी का पता चला।
अब यह फ्लाइट बुधवार के लिए रिशेड्यूल की जाएगी। इससे पहले सोमवार को भी अहमदाबाद से लंदन की फ्लाइट रद्द की गई थी। इसी तरह मंगलवार को ही लंदन से अमृतसर फ्लाइट भी रद्द कर दी गई। बताया जा रहा है कि विमान की उपलब्धता न होने को लेकर यह फैसला लिया गया है। इसी तरह दिल्ली से पेरिस और पेरिस से दिल्ली की उड़ान को भी रद्द कर दिया गया है। दिल्ली-पेरिस वाली एयर इंडिया की उड़ान को रद्द करने की वजह तकनीकी समस्या बताई गई।








