बिहार को मिली नई वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को एक और वंदे भारत एक्सप्रेस और वैशाली से देवरिया तक नई रेल लाइन की शुक्रवार को सौगात दी। श्री मोदी ने सीवान में आयोजित एक कार्यक्रम में वीडियो लिंक के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर पाटलिपुत्र और गोरखपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से रवाना किया। श्री मोदी ने वैशाली से देवरिया (उत्तर प्रदेश) तक नई लाइन का उद्घाटन किया। पाटलिपुत्र स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में पटना साहिब संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन, पाटलिपुत्र से पूर्व सांसद रामकृपाल यादव उपस्थित थे। जबकि पाटलिपुत्र की सांसद मीसा भारती समारोह में नहीं दिखाई दीं। श्री रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा कि बिहार का विकास प्रधानमंत्री के दिल में है। जब भी वह बिहार आते हैं, हजारों करोड़ की विकास परियोजनाएं यहां एक वास्तविकता बन जाती हैं। हम यहाँ वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने आए हैं।
प्रधानमंत्री वास्तव में बिहार राज्य को पसंद करते हैं और इसके विकास को लेकर चिंतित हैं। देश में वंदे भारत एक्सप्रेस श्रृंखला की यह 71वीं जोड़ी ट्रेन सेवा है। यह गाड़ी 384 किलोमीटर की दूरी सात घंटे में तय करेगी। मार्ग में इसका ठहराव उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, कप्तानगंज, पनियहवा और बिहार के बगहा, नरकटियागंज, बेतिया, सगौली, बापूधाम मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र स्टेशन पर होगा। इस ट्रेन के माध्यम से चंपारण, वैशाली और कुशीनगर जैसे स्थानों पर सैलानी भी आसानी से पहुंच पाएंगे जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। गोरखपुर से 26502 अप ट्रेन सुबह 5:40 बजे चल कर दोपहर 12:45 बजे पाटलिपुत्र स्टेशन पहुंचेगी तथा वापसी में पाटलिपुत्र से दोपहर 3:30 बजे रवाना हो कर रात 10:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इस सेवा के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस एक ट्रेन सेट लगाया गया है।








