आज समाचार
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर बोले; उडऩे की इजाजत मत मांगो पंख तुम्हारे, आसमान किसी का नहीं

नई दिल्ली
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बार-बार तारीफ करने को लेकर कांग्रेस के भीतर ही असहमति की स्थिति सामने आई है। बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने पार्टी नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर पर परोक्ष रूप से हमला बोला। श्री खडग़े ने कहा कि देश हमारे लिए पहले है। कुछ लोगों के लिए मोदी पहले हैं। वहीं शशि थरूर ने भी अपने ही अंदाज में जवाब दिया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट किया है, जिसमें किसी का नाम नहीं लिया है, लेकिन इशारों में बड़ी बात कही है। शशि थरूर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उडऩे की इजाजत मत मांगो। पंख तुम्हारे अपने हैं और आसमान किसी का नहीं है। इस संदेश को थरूर के पार्टी के प्रति नाराजगी के इशारे के रूप में देखा जा रहा है।
यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब थरूर पर पार्टी नेतृत्व की ओर से प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि शशि थरूर का यह रुख कांग्रेस नेतृत्व के लिए स्पष्ट संकेत है और वह किसी दबाव में झुकने वाले नहीं हैं। शशि थरूर की टिप्पणियों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष खडग़े ने बुधवार को कहा कि शशि थरूर की भाषा बहुत अच्छी है, इसीलिए उन्हें कांग्रेस वर्किंग कमेटी में रखा गया है, लेकिन जब मैंने गुलबर्गा में कहा कि हम एक स्वर में बोल रहे हैं, देश के लिए खड़े हैं, ऑपरेशन सिंदूर में एकजुट थे, तब कुछ लोग कहते हैं कि मोदी पहले, देश बाद में। अब हम क्या करें?








