आज टैरिफ का पिटारा खोलेंगे ट्रंप, व्यापार के लिए अमरीका किस देश से कितना वसूलेगा, आएगा सामने

अमरीका किस देश से कितना टैरिफ वसूलने जा रहा है, इसका खुलासा जल्द यानिवार को होने जा रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि अब अलग-अलग देशों को टैरिफ संबंधी पत्र भेजना शुरू कर दिए जाएंगे। खास बात है कि यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हो रहा है, जब भारत और अमरीका के बीच अंतरिम समझौते का ऐलान होना है। ट्रंप ने कहा है कि वाशिंगटन से भेजे जाने वाले पत्रों से साफ होगा कि किस देश से कितना रेसिप्रोकल टैरिफ लिया जाना है। उन्होंने कहा कि मेरा काम पत्र भेजना और यह कहना है कि देश कितना टैरिफ देने वाले हैं। हमारे पास 170 से ज्यादा देश हैं। और आप कितनी डील कर लेंगे? आप अच्छी डील कर सकते हैं, लेकिन वे बहुत ज्यादा जटिल होती हैं। मैं एक सामान्य डील कर सकता हूं, जहां आप इसे बरकरार रखेंगे और नियंत्रित करेंगे। आप 20 या 30 फीसदी टैरिफ देंगे और हम शायद शनिवार से पत्र भेजने वाले हैं।
दिन में शायद अलग-अलग देशों में 10 पत्र भेजेंगे। इसमें बताया गया होगा कि अमरीका के साथ व्यापार करने के लिए उन्हें कितना भुगतान करना होगा।मीडिया रिपोट्र्स के अनुसार, ट्रंप ने घोषणा की है कि उनका पारस्परिक व्यापार शुल्कों के निलंबन को आगे बढ़ाने का इरादा नहीं है, जो नौ जुलाई को समाप्त होने वाला है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उनका प्रशासन जल्द ही अमरीकी व्यापार भागीदारों को एक पत्र भेजेगा, जिसमें उन्हें अमरीका के साथ व्यापार करने के उनके अधिकार के लिए बधाई दी जाएगी।








