आज समाचार
होशियारपुर में बड़ा हादसा, मिनी बस पलटने से 7 लोगों की मौत, 32 अन्य घायल

होशियारपुर। पंजाब में दसूहा थाना क्षेत्र के सगरां गांव के निकट सोमवार को एक निजी परिवहन कंपनी की मिनी बस पलट जाने से सात लोगों की मौत हो गई और अन्य 32 घायल हो गए। मुकेरियां के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) कुलविंदर सिंह विर्क ने बताया कि मिनी बस में करीब 40 यात्री सवार थे। बस हाजीपुर से दसूया जा रही थी, तभी सगरां गांव के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। स्थानीय निवासियों और पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। डीएसपी ने बताया कि घायल यात्रियों को इलाज के लिए दसूया के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और इसकी गहन जांच की जाएगी।





